
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने उत्तर प्रदेश में चल रही उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी परीक्षार्थी बैठाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ ने गाजीपुर के भगेलू दास इण्टर कॉलेज से प्रधानाचार्य समेत सॉल्वर को गिरफ्तार किया है। एडिशनल एसपी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई गाजीपुर जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में स्थित परीक्षा केंद्र पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों में प्रधानाचार्य विन्ध्याचल यादव तथा सॉल्वर शिवम यादव शामिल हैं।
परीक्षा कक्ष में रंगे हाथ पकड़ा गया सॉल्वर
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि केंद्र पर परीक्षार्थियों के स्थान पर सॉल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाई जा रही है और इसके लिए छात्रों से मोटी रकम वसूली गई है। सूचना के आधार पर एसटीएफ वाराणसी फील्ड इकाई के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट अरविन्द्र कुमार सिंह व मनोरमा सिंह के साथ परीक्षा कक्षों की जांच की।
जांच के दौरान कक्ष संख्या 12 में वास्तविक परीक्षार्थी शुभम यादव के स्थान पर शिवम यादव को उत्तर पुस्तिका लिखते हुए पकड़ा गया। मौके से प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिका, ओएमआर शीट, प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
तीन दिन से दे रहा था परीक्षा
पूछताछ में शिवम यादव ने स्वीकार किया कि वह पिछले तीन दिनों से शुभम यादव के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। इससे पहले वह हिन्दी और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा भी दे चुका था। आरोप है कि प्रधानाचार्य विन्ध्याचल यादव की मिलीभगत से उसकी बायोमेट्रिक या अन्य पहचान संबंधी जांच नहीं की गई। इसके लिए लगभग 40 हजार रुपये की अवैध वसूली की गई थी।
शासन के निर्देश पर चल रही कार्रवाई
प्रदेश सरकार के निर्देश पर बोर्ड परीक्षाओं में सामूहिक नकल और सॉल्वर गैंग के खिलाफ एसटीएफ की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई।
मुकदमा दर्ज, आगे की जांच जारी
घटना के संबंध में थाना दुल्लहपुर में बीएनएस की धारा 319(2) तथा परीक्षा अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। स्थानीय पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई से परीक्षा में नकल माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश गया है और अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।


