
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: नवोदय विद्यालयों के पूर्व छात्रों का वार्षिक प्रदेश स्तरीय समागम “नवोत्सव 2025” इस बार राजधानी लखनऊ के राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय कानपुर रोड एलडीए कॉलोनी के भीमराव अंबेडकर सभागार में 21 सितंबर 2025 (रविवार) को आयोजित होगा। यह आयोजन शिक्षा, रोजगार, सामाजिक योगदान और पूर्व छात्रों के नेटवर्क को मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
गत वर्ष यह कार्यक्रम नोएडा के गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में हुआ था। इस बार इसमें देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत नवोदय के पूर्व छात्र भाग लेंगे।
तैयारियों के तहत आज कृष्णा नगर स्थित सेलिब्रेशन होटल में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें 12 समितियों वित्तीय प्रबंधन, अनुशासन, भोजन, आईटी-पंजीकरण, रसद-खरीद, मीडिया-प्रचार, आमंत्रण, सांस्कृतिक, आवास-परिवहन, मंच प्रबंधन, स्वागत-पंजीकरण, स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार का गठन किया गया।
इस कार्यक्रम में लखनऊ मंडल (लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, लखीमपुर, रायबरेली, हरदोई) के अलावा अन्य जिलों और प्रदेशों के वे पूर्व छात्र भी शामिल होंगे जो वर्तमान में लखनऊ में रह रहे हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, नवोत्सव के जरिए मेंटरशिप, करियर अवसर, समाज सेवा योजनाएं और ग्रामीण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। यह मिलन न सिर्फ यादों का संगम होगा बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा भी बनेगा। इस समीक्षा बैठक में देश-विदेश से सैकड़ो नवोदय विद्यालय के पुरातन छात्रों ने शिरकत की।





