
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रयागराज के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के शिवराजपुर चौराहे के पास हुई मुठभेड़ में झारखंड का कुख्यात अपराधी आशीष रंजन उर्फ छोटू को मार गिराया गया।
धनबाद निवासी छोटू सिंह पर कई हत्याओं सहित संगीन अपराधों के मामले दर्ज थे। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि वह अपने एक साथी के साथ प्रयागराज की ओर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आने वाला है। इसी इनपुट पर टीम ने घेराबंदी की।
पुलिस के मुताबिक, जब खुद को घिरा हुआ देखा तो छोटू ने एसटीएफ टीम पर AK-47 और 9 एमएम पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ ने उसे मार गिराया।
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक AK-47 राइफल, एक पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं।
आशीष रंजन उर्फ छोटू लंबे समय से झारखंड और आसपास के राज्यों में दहशत का पर्याय बना हुआ था। उसकी मौत को पुलिस के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।
एसटीएफ की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है, वहीं छोटू के नेटवर्क और उसके सहयोगियों को लेकर जांच जारी है।





