
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
प्रतापगढ़: समाजवादी पार्टी के विधायक और विधानसभा में उपमुख्यसचेतक डॉ. आर.के. वर्मा ने एक अनोखी पहल करते हुए मर्जर के तहत बंद किए गए प्राथमिक विद्यालय में खुद बच्चों को पढ़ाया।
रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर कला (द्वितीय) प्राथमिक विद्यालय, जिसे हाल ही में सरकार की मर्जर नीति के चलते बंद कर दिया गया था, वहां ‘पीडीए पाठशाला’ की शुरुआत की गई। इस पाठशाला में डॉ. वर्मा खुद शिक्षक की भूमिका में नजर आए और बच्चों को पढ़ाकर शिक्षा के महत्व का संदेश दिया।
इस अवसर पर सैकड़ों बच्चों को बुलाकर कक्षाएं संचालित की गईं। सपा विधायक ने कहा कि सरकारी मर्जर नीति के कारण ग्रामीण बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है, इसलिए वे खुद मैदान में उतरकर यह पहल कर रहे हैं।
डॉ. वर्मा ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बंद स्कूलों को फिर से चालू करना होगा, ताकि गांवों में शिक्षा का उजियारा बना रहे। उनका यह प्रयास क्षेत्र में सराहना बटोर रहा है और ग्रामीणों ने भी इस कदम का स्वागत किया है।
‘पीडीए पाठशाला’ (प्रगति, विकास और अधिकार) के जरिए विधायक ने यह दिखाया कि जनप्रतिनिधि अगर चाहें, तो व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।





