
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। प्रतापगढ़ जिले के निलंबित पूर्व नगर कोतवाल जयचंद्र भारती पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है। आईजी अजय कुमार मिश्रा ने इस निलंबित अधिकारी पर यह इनाम रखा है, जो फरार चल रहा है। यह कार्रवाई करीब तीन महीने पहले वायरल हुए एक वीडियो के बाद की गई है, जिसमें कोतवाल हिस्ट्रीशीटर से पैकेट लेते नजर आ रहा था।
जानकारी के अनुसार, वायरल फुटेज में पूर्व कोतवाल जयचंद्र भारती की एक कुख्यात अपराधी (हिस्ट्रीशीटर) के साथ मुलाकात दर्ज की गई थी। इस दौरान भारती को पैकेट लेते हुए कैमरे में कैद किया गया, जिससे भ्रष्टाचार और आपराधिक सांठगांठ के गंभीर आरोप लगे। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया, जिसके बाद विभाग ने तत्काल भारती को निलंबित कर दिया था।
अब फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। आईजी मिश्रा ने सभी थानों को अलर्ट जारी कर आरोपी की तलाश तेज करने के निर्देश दिए हैं। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर पुलिस की छवि को झकझोर दिया है और विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती की मांग तेज हो गई है।




