
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस( 8 मार्च)के उपलक्ष्य में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महिला अध्ययन केंद्र एवं समाज कार्य विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रो राजा राम शास्त्री सभागार में आयोजित किया गया। जिसमें विद्यार्थियों को महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने तथा उसके रोकथाम के उपायों पर पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिता हुआ।
महिला अध्ययन केंद्र की निदेशक प्रो. वंदना सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाना है। विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के बारे में जानकारी और उससे बचाव के उपायों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान प्रोफेसर संजय, पूर्व विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष तथा प्रो अनिल चौधरी ने भी अपनी बात रखी। सहायक प्रोफेसर डॉ. भारती कुरील ने कार्यक्रम का समन्वयन एवं मंच का संचालन किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सृष्टि सिंह,द्वितीय स्थान मिली राय,तृतीय स्थान शिवानी यादव व स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आकांक्षा कुमारी, द्वितीय स्थान दक्षा सोनकर, तृतीय स्थान अंशु प्रकाश को प्राप्त हुआ। सभी विजेता प्रतिभागियों को पुस्कृत किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। महिला अध्ययन केंद्र एवं समाज कार्य विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम से छात्र-छात्राओं के बीच स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ेगी और समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित होगा।




