
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
पीलीभीत: जिले में अंग्रेजी हुकूमत के समय बने पुराने पुलों की जर्जर हालत अब खतरा बनती जा रही है। माधोटांडा क्षेत्र के जंगल से सटे साइफन नाले पर बना पुल पहली ही बरसात में भरभरा कर गिर गया।
तेज बारिश के बाद पानी के दबाव से पुल की नींव कमजोर हो गई, जिससे पुल अचानक ढह गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विभाग ने पुल की मरम्मत और वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था के लिए रिपोर्ट तैयार करनी शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से यह पुल मरम्मत के इंतजार में था, लेकिन विभाग की अनदेखी के चलते अब यह पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। अब लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।




