
- संवाददाता – मनोज कुमार यादव
एटा: जिले के कलेक्टर कम्पाउन्ड में स्थिति पोस्ट ऑफिस के कर्मचारियों की कार्यशैली और व्यवहार इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। आमतौर पर सरकारी कार्यालयों को लेकर लोगों में एक नकारात्मक धारणा बनी रहती है, लेकिन एटा के डाकघर ने इस छवि को बदलने का काम किया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पोस्ट ऑफिस के कर्मचारी न केवल समय पर कार्य करते हैं, बल्कि उनकी भाषा और व्यवहार भी अत्यंत सराहनीय है। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांगों के प्रति कर्मचारियों का विनम्र और सहायक रवैया विशेष रूप से लोगों का दिल जीत रहा है।
ग्राहकों को डाक, स्पीड पोस्ट, मनी ऑर्डर, आधार कार्ड और अन्य सेवाओं में बेहतर अनुभव मिल रहा है। कई लोगों ने यह भी बताया कि कर्मचारियों द्वारा हर प्रक्रिया को सरलता से समझाया जाता है और किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाती।
एटा के निवासी सौरभ कुमार का कहना है, “मैं पिछले कई महीनों से पोस्ट ऑफिस आता हूँ, लेकिन अब जिस तरह का व्यवहार और सेवा देखने को मिल रही है, वह काबिल-ए-तारीफ है। कर्मचारी न सिर्फ मददगार हैं बल्कि उनका बात करने का तरीका भी बहुत अच्छा है।”
स्थानीय समाजसेवी संस्थाओं ने भी पोस्ट ऑफिस के कर्मचारियों के कार्य की खुले दिल से सराहना की है और उम्मीद जताई है कि जिले के अन्य सरकारी कार्यालय भी इसी तरह की सेवा भावना अपनाएं।





