
रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र में हुक्का बारों का धंधा तेजी से पनपता जा रहा है। जहां एक ओर ACP अलीगंज धर्मेंद्र कुमार रघुवंशी द्वारा एक हुक्का बार पर कार्रवाई की गई, वहीं दूसरी ओर उसी क्षेत्र में खुलेआम ‘पेंटा हाउस’ नाम से हुक्का बार धड़ल्ले से संचालित हो रहा है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ‘पेंटा हाउस’ हुक्का बार में नाबालिग बच्चों को भी हुक्का परोसा जा रहा है। राधेलाल स्वीट्स के बगल में चल रहे इस हुक्का कैफे में न केवल नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, बल्कि युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन के लिए भी उकसाया जा रहा है।
पुलिस की नाक के नीचे चल रहा अवैध कारोबार
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हुक्का बार अलीगंज पुलिस की जानकारी में है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। क्षेत्रवासी चिंतित हैं कि इस तरह के हुक्का बार युवा पीढ़ी को गलत दिशा में ले जा रहे हैं।
नाबालिगों की जिंदगी से हो रहा खिलवाड़
शहर के सामाजिक संगठनों और अभिभावकों ने इस पर नाराजगी जताई है और मांग की है कि ‘पेंटा हाउस’ जैसे हुक्का बारों पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की जाए।





