
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी पर्व के अवसर पर आयोजित जागृति यात्रा पटना साहिब से शुरू होकर कई प्रदेशों से होती हुई 9 अक्टूबर को कानपुर के रास्ते लखनऊ पहुंच रही है। गुरुद्वारा सचिव मनमोहन सिंह हैप्पी ने बताया कि यह शहीदी यात्रा शाम 4:00 बजे लखनऊ के सरोजिनी नगर पहुंचेगी। इसके बाद यह यात्रा ट्रांसपोर्ट नगर, कृष्णा नगर, सिंगार नगर, पटेल नगर, सदर और नाका गुरुद्वारा होते हुए देर रात गुरुद्वारा यहियागंज पहुंचेगी।
यात्रा में पुरातन शस्त्र और ऐतिहासिक निशानियां भी शामिल हैं। यह यात्रा 9 अक्टूबर की रात गुरुद्वारा यहियागंज में रुकेगी और 10 अक्टूबर को सुबह 10:00 बजे सीतापुर के लिए रवाना होगी। इस अवसर पर गुरुद्वारा यहियागंज में विशेष समागम आयोजित किए जाएंगे। लखनऊ में यात्रा के स्वागत के लिए जगह-जगह विशेष तैयारियां की गई हैं। यात्रा के लखनऊ पहुंचने पर डॉ. गुरमीत सिंह और उनके सहयोगियों के साथ-साथ लखनऊ की समस्त गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सेवादारों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।




