
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। अयोध्या के साकेत पुरी स्थित निर्मला हॉस्पिटल में एक मरीज की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि गलत इंजेक्शन के ओवरडोज से मरीज की जान चली गई परिजनों ने बताया कि वह तरह स्वस्थ थीं। सोमवार सुबह ही अस्पताल से डिस्चार्ज होने वाली थीं। सुबह उन्हें एक ‘गलत इंजेक्शन’ दिया गया, जिसके ओवरडोज से उनकी पल्स अचानक गिरकर 30 से 40 तक आ गई। डॉक्टरों ने मरीज को आनन-फानन में लखनऊ रेफर कर दिया।
हालांकि, लखनऊ पहुंचते-पहुंचते मरीज की हालत बेहद गंभीर हो गई। कथित दवा के रिएक्शन और ओवरडोज के कारण शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया। लखनऊ में डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद, अत्यधिक नुकसान के कारण मरीज ने दम तोड़ दिया। परिजनों का दावा है कि डॉ. आर. के. बनोधा ने स्वयं लिखित रूप में अपनी ‘गलती का कुबूलनामा’ दिया है। इसके अलावा, अस्पताल के स्टाफ का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वे कथित तौर पर यह स्वीकार कर रहे हैं कि दवा के ओवरडोज के कारण ही मरीज की जान गई।
दैनिक भास्कर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है मृतक के परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और पुलिस प्रशासन से हॉस्पिटल को तत्काल सील करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में जब सीएमओ अयोध्या डॉ. सुशील बालियान से जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है, लेकिन वे इसकी जांच करवाएंगे।


