
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
नवाबगंज (उन्नाव): अमरेथा ग्राम सभा में स्थित गुजरी नहर पुल का बीच का हिस्सा बह जाने से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण आवागमन बाधित हो गया है, जिससे स्कूली बच्चों और आम लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें राजमार्ग तक पहुँचने के लिए करीब 2 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। स्कूली बच्चों को भी रोजाना यही दूरी पैदल तय करके स्कूल जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें खासी परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
इस संबंध में क्षेत्रीय जूनियर इंजीनियर (जेई) धर्मेंद्र ने जानकारी दी कि पुल की मरम्मत के लिए एस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। जैसे ही उच्च अधिकारियों से अनुमति मिलती है, कार्य को तुरंत शुरू कर दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू करने की अपील की है, ताकि आवागमन सामान्य हो सके और किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।





