
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गहरी नाराज़गी और दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस कायराना हमले में पर्यटकों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर बेहद निंदनीय और दिल दहलाने वाली है।
राहुल गांधी ने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि पूरा देश आतंक के खिलाफ एकजुट है और इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य होने के खोखले दावों की बजाय अब सरकार को जवाबदेही लेते हुए ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि आगे ऐसी बर्बर घटनाएं दोबारा न हों और निर्दोष भारतीयों को अपनी जान न गंवानी पड़े।”
राहुल गांधी के इस बयान ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, साथ ही यह मांग तेज कर दी है कि आतंकवाद पर निर्णायक और ठोस कार्रवाई की जाए।




