
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: विश्व स्वलीनता दिवस के अवसर पर देवा ग्राम बच्छाव प्रांगण में एक भावपूर्ण एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रातः 11:00 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 50 ऑटिस्टिक एवं दिव्यांग बच्चों ने अपने अभिभावकों, विशेष शिक्षकों और ग्रामीण नागरिकों के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. उत्तम ओझा (सलाहकार, दिव्यांगजन उत्तर प्रदेश) रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. उत्तम ओझा, डॉ. तुलसीदास (अध्यक्ष, देवा इंटरनेशनल सोसायटी फॉर चाइल्ड केयर) एवं प्रख्यात मनोवैज्ञानिक व मनोचिकित्सक तथा श्यामलाल (सेक्रेटरी, देवा इंटरनेशनल सोसायटी फॉर चाइल्ड केयर) द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
सभा का संचालन श्री विजयपाल (वाइस प्रिंसिपल, देवा ग्राम) ने किया, जबकि स्वागत भाषण श्यामलाल जी ने प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि डॉ. उत्तम ओझा ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘दिव्य रामायण’ की सराहना करते हुए कहा कि ऑटिस्टिक बच्चों द्वारा इस प्रकार की सांस्कृतिक प्रस्तुति अपने आप में भारत में एक अनूठा प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जहां बच्चे केवल आधुनिक नृत्य तक सीमित हो रहे हैं, वहीं देवा संस्था द्वारा मूल्यपरक रामायण का मंचन एक नई दिशा प्रदान करता है।
उन्होंने हनुमत जयंती के अवसर पर हनुमान जी के दिव्य स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां भी दिव्यांगजन के कार्यक्रम होते हैं, वहां हनुमान जी की विशेष उपस्थिति मानी जाती है।
डॉ. तुलसीदास (अध्यक्ष, देव इंटरनेशनल सोसायटी फॉर चाइल्ड केयर) ने अपने वक्तव्य में कहा कि दिव्यांग एवं ऑटिस्टिक बच्चों में अपार प्रतिभा होती है, आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा, प्रोत्साहन और मंच प्रदान करने की होती है। उन्होंने कहा कि ‘दिव्य रामायण’ जैसे कार्यक्रम न केवल बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का भी कार्य करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हमारी संस्था का उद्देश्य इन बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करना है। इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘दिव्य रामायण’ रहा, जिसकी प्रस्तुति दिव्यांग बच्चों हार्दिक पटेल, गोलू एवं आलोक सहित अन्य बच्चों ने अत्यंत उत्साह के साथ की। सभी बच्चों ने “जय श्री राम” के उद्घोष के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
इस अवसर पर पूनम जी, मोनिका जी, अनुपम जी, प्रदीप जी, रामनारायण जी, विजय पाल जी, राजू जी, संजय जी, साधना जी एवं अन्नपूर्णा व्यावसायिक केंद्र की कोऑर्डिनेटर विद्या पटेल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्री राम नारायण (प्रिंसिपल, देव इंटीग्रेटेड स्कूल) ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।




