
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज मण्डल की संरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रेलवे संरक्षा ऑडिट टीम द्वारा प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी/उत्तर मध्य रेलवे, जे. सी. एस. बोरा के नेतृत्व में कानपुर-इटावा खंड का विस्तृत निरीक्षण किया। संरक्षा ऑडिट टीम में उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (मॉनिटरिंग), मुख्य सिग्नल इंजीनियर, मुख्य इंजीनियर (पी एंड डी), मुख्य विद्युत लोको इंजीनियर, उप मुख्य परिचालन प्रबंधक शामिल रहे।
ऑडिट के दौरान पटरियों की स्थिति, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, पुलों तथा समपार फाटकों की संरक्षा, ओएचई तथा ट्रैक मशीनिंग कार्य, स्टेशन यार्ड व्यवस्था, रिकॉर्ड व्यवस्थापन एवं आपदा प्रबंधन तैयारियों जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं का गहन परीक्षण किया गया । इस संरक्षा ऑडिट के दौरान प्रयागराज मण्डल के अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/परिचालन,मो. मुबश्शिर वारिस, वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी, यूसी शुक्ला एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।





