
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान महासचिव एवं पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने कारगिल युद्ध में शहीद मेजर रितेष शर्मा के पिता सत्य प्रकाश शर्मा के आवास इंदिरा नगर, लखनऊ पर पहुँच कर उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर
सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि मेजर रितेष शर्मा ने अपने वीर सैनिकों के साथ अदम्य साहस और युद्धकौशल का परिचय देते हुए चार आतंकवादियों को मार गिराया। इस गोलीबारी में एक गोली मेजर रितेष शर्मा को लग गयी, जिससे वे 200 मीटर गहरी खाई में गिर पड़े, जिन्हें उधमपुर के सैन्य अस्पताल में लाया गया, जहॉं वे कोमा में चले गये। उनके साहस और वीरता को आज भी लोग याद करते हैं।
चौहान ने कहा कि हमारे देश की सीमाएं ऐसे ही वीर सैनिकों के बलबूते सुरक्षित हैं, जिन्होंनें देश की आन, बान और शान को अपने प्राणों की आहूति देकर बचाया। उन्होंने कहा कि हमारा कर्तव्य है कि उन वीर सैनिकों को हम याद करें और उनके परिवार को यथोचित सम्मान दें, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किये बगैर देश को बचाने में अपना सर्वस्व निछावर कर दिया।
सम्मानित करने वालों में मुख्य रूप से वरिष्ठ नेता श्री सुरेन्द्र शुक्ला, योगेन्द्र सिंह नेगी, सुभाष उप्रेती, आशुतोष पाण्डेय, पप्पू प्रजापति, अविनाश कनौजिया आदि मौजूद थे।





