
- रिपोर्ट :अजय सोनकर
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के ठीक सामने स्थित विजय नगरम मार्केट में शनिवार को नगर निगम और प्रशासनिक अफसरों की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने मार्केट में फैले अतिक्रमण और अवैध निर्माण को लेकर दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने साफ कहा कि सोमवार तक स्वयं अतिक्रमण हटाएं, अन्यथा निगम की ओर से सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने दुकानदारों से बातचीत की और स्पष्ट निर्देश दिया कि पूर्व में भी आदेश जारी किए गए थे, लेकिन समय बीत जाने के बाद भी किसी ने अनुपालन नहीं किया। इस बार अंतिम अवसर दिया जा रहा है। यदि निर्धारित समय सीमा तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन सीधा एक्शन लेगा।
52 दुकानें कार्रवाई के दायरे में
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार विजयनगरम मार्केट और न्यू विजयनगरम मिलाकर कुल 52 दुकानें कार्रवाई की जद में हैं—
विजयनगरम मार्केट : 18 दुकानें
न्यू विजयनगरम मार्केट : 34 दुकानें
अधिकारियों ने कहा कि अब किसी तरह की ढिलाई नहीं होगी। निगम की ओर से दुकानें सील कर आगे कानूनी प्रक्रिया के अनुसार तोड़फोड़ भी कराई जाएगी।
अतिक्रमण हटवाया, 14,900 रुपये का जुर्माना
नगर निगम ने शनिवार को विजय नगरम मार्केट में अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। कई अवैध दुकानों को हटवाया गया और लगभग 5 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई।
इसके साथ ही 14,900 रुपये जुर्माना भी वसूला गया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


