
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: आईजी रेंज अयोध्या प्रवीण कुमार का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। आपने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के कई विदाई समारोह देखे होंगे, लेकिन यह दृश्य लोगों के दिल को छू गया।
दरअसल, अयोध्या में सेवानिवृत्त हुए पुलिसकर्मियों को विदा करते समय आईजी प्रवीण कुमार ने औपचारिकताओं से हटकर मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश की। उन्होंने खुद गाड़ियों को धक्का लगाकर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को विदा किया। यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इस अनोखी विदाई को देखकर आम लोग ही नहीं, विभागीय अधिकारी भी आईजी प्रवीण कुमार की सराहना कर रहे हैं। यह दृश्य न केवल एक अधिकारी की विनम्रता को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि सम्मान और अपनापन किसी भी पद से बड़ा होता है।
प्रवीण कुमार का यह भावुक और प्रेरणादायक अंदाज समाज और पुलिस महकमे के लिए एक मिसाल बनता जा रहा है।





