
- रिपोर्ट: ज्ञानेश वर्मा
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान , गोमती नगर में आज ‘निक्षय मित्र’ योजना के तहत एक विशेष आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हॉस्पिटल की ओर से सामाजिक सरोकार निभाते हुए 25 टीबी रोगियों को पोषण सहायता (निक्षय पोषण पोटली) प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार सिंह और पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। वरिष्ठ चिकित्सकों ने मरीजों को दवा के साथ-साथ पोषण के महत्व के बारे में जागरूक किया।

चंदन हॉस्पिटल की ओर से इस कार्यक्रम में उनके कर्मचारी उपस्थित रहे। संस्था के सहयोग से मरीजों को उच्च प्रोटीन युक्त खाद्य सामग्री की किट वितरित की गई। मरीजों के चयन और वितरण प्रक्रिया में सिस्टर इंचार्ज सोनू अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। साथ ही, टीबी यूनिट डॉ. आरएमएलआईएमएस से वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक अरुण कुमार, एस.टी.एल.एस. पीयूष कुमार सिंह, टी.बी.एच.वी. सुधीर कुमार सिंह एवं वेंकटेश तिवारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉक्टरों ने कहा कि “क्षय रोग के विरुद्ध इस लड़ाई में दवा के साथ-साथ ‘निक्षय पोषण पोटली’ जैसे पौष्टिक आहार का बहुत बड़ा योगदान है। समाज का हर वर्ग यदि इसी तरह ‘निक्षय मित्र’ बनकर आगे आए, तो वह दिन दूर नहीं जब हम लखनऊ और प्रदेश को पूरी तरह टीबी मुक्त कर सकेंगे।





