
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी– लखनऊ सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस का शिवपुर और जलालगंज स्टेशनों पर ठहराव प्रारंभ यात्रियों की सुविधा तथा क्षेत्रीय रेल संपर्क को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा गाड़ी संख्या 20401/20402 वाराणसी–लखनऊ–वाराणसी सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस का ठहराव शिवपुर एवं जलालगंज रेलवे स्टेशनों पर दिनांक 06 मार्च 2026 से प्रारंभ कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था से आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को वाराणसी और लखनऊ के बीच आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी तथा क्षेत्रीय स्तर पर रेल सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत होगी। नए समयानुसार गाड़ी संख्या 20401 वाराणसी–लखनऊ सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस का शिवपुर रेलवे स्टेशन पर आगमन एवं प्रस्थान समय 05:55/05:56 बजे निर्धारित किया गया है।
वहीं गाड़ी संख्या 20402 लखनऊ–वाराणसी सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस का शिवपुर स्टेशन पर आगमन एवं प्रस्थान समय 22:09/22:10 बजे तय किया गया है। इसी प्रकार जलालगंज रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 20401 वाराणसी–लखनऊ सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस का आगमन एवं प्रस्थान समय 06:26/06:27 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि गाड़ी संख्या 20402 लखनऊ–वाराणसी सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस का जलालगंज स्टेशन पर आगमन एवं प्रस्थान समय 21:23/21:24 बजे सुनिश्चित किया गया है।
शिवपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग रविंद्र जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति में ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर लखनऊ मंडल की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक/वाराणसी श्री बृजेश कुमार यादव तथा स्टेशन निदेशक वाराणसी कैंट श्री अर्पित गुप्ता भी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जलालगंज रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मछलीशहर की मा. सांसद सुश्री प्रिया सरोज तथा मा. विधायक श्री तूफानी सरोज की गरिमामयी उपस्थिति में ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर लखनऊ मंडल की ओर से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/एफ.एस. श्री गौरव दीक्षित, DEN-III तथा ASC/BSB उपस्थित रहकर कार्यक्रम का समन्वय सुनिश्चित किया।उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस ट्रेन के शिवपुर और जलालगंज स्टेशनों पर ठहराव प्रारंभ होने से क्षेत्र के यात्रियों, दैनिक यात्रियों तथा स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा और क्षेत्रीय रेल संपर्क को और अधिक मजबूती मिलेगी।



