
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को बसंत पंचमी के अवसर पर सुप्रसिद्ध हिंदी साहित्यकार सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की जयंती एवं माता सरस्वती पूजन का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित हिंदी वाचनालय में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार एवं मंडल रेल प्रबंधक के निजी सचिव श्री रमेश कुमार साह द्वारा माता सरस्वती एवं निराला जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए निराला जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला तथा उनकी प्रमुख रचनाओं का पाठ किया।
इस अवसर पर अनीता पांडे (मुख्य कार्याधी), अलका श्रीवास्तव (कार्याधी) एवं प्राची कुमारी (अवर लिपिक) द्वारा सरस्वती वंदना का मधुर गायन प्रस्तुत किया गया।राजभाषा विभाग की वरिष्ठ अनुवादक श्रीमती पूनम त्रिपाठी ने स्वागत संबोधन के साथ कार्यक्रम का संचालन किया। वरिष्ठ अनुवादक अमित कुमार साव ने स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर प्रकाश डालते हुए स्वरचित गीत प्रस्तुत किया। वहीं मुख्य कार्याधी नीरू अवस्थी ने अपनी स्वरचित कविता का पाठ किया। कनिष्ठ अनुवादक दिव्या शर्मा ने निराला जी के साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर पूनम त्रिपाठी ने निराला जी के जीवनवृत्त पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि वे हिंदी में मुक्तछंद के प्रवर्तक माने जाते हैं और उनकी रचनाओं में यथार्थ का सशक्त चित्रण देखने को मिलता है। उन्होंने निराला जी की प्रमुख कृतियों एवं साहित्यिक यात्रा पर भी प्रकाश डाला।कार्यक्रम में कार्मिक, परिचालन, राजभाषा, यांत्रिक एवं संरक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ अनुवादक अमित कुमार साव द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।





