
देश को नया मुख्य सूचना आयुक्त मिल गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी राज कुमार गोयल को भारत का नया मुख्य सूचना आयुक्त (CIC) नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय चयन समिति ने इस पद के लिए राज कुमार गोयल के नाम की सिफारिश की थी।
कौन हैं राज कुमार गोयल
राज कुमार गोयल अरुणाचल प्रदेश–गोवा–मिजोरम–केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के 1990 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं। वे 31 अगस्त को विधि एवं न्याय मंत्रालय के अंतर्गत न्याय विभाग में सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इससे पहले वे गृह मंत्रालय में सचिव (सीमा प्रबंधन) के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाली हैं।
मोदी की अध्यक्षता वाली समिति ने की सिफारिश
मुख्य सूचना आयुक्त का पद 13 सितंबर को हीरालाल सामरिया का कार्यकाल पूरा होने के बाद रिक्त हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली समिति ने हाल ही में हुई बैठक में केंद्रीय सूचना आयोग के लिए आठ नए सूचना आयुक्तों के नामों की भी सिफारिश की। सूचना अधिकार से जुड़े कार्यकर्ताओं के अनुसार, नए मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों के कार्यभार संभालने के बाद करीब नौ वर्षों के अंतराल के बाद आयोग पूरी क्षमता के साथ काम कर सकेगा। आयोग में एक मुख्य सूचना आयुक्त और अधिकतम दस सूचना आयुक्तों का प्रावधान है। फिलहाल आनंदी रामलिंगम और विनोद कुमार तिवारी सूचना आयुक्त के रूप में कार्यरत हैं।
सूचना आयुक्त पद के लिए इन नामों की सिफारिश
अधिकारियों के अनुसार, सूचना आयुक्त पद के लिए रेलवे बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष जया वर्मा सिन्हा, भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी स्वागत दास, केंद्रीय सचिवालय सेवा के पूर्व अधिकारी संजीव कुमार जिंदल, पूर्व आईएएस अधिकारी सुरेंद्र सिंह मीणा और भारतीय वन सेवा के पूर्व अधिकारी खुशवंत सिंह सेठी के नामों की सिफारिश की गई है।
इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार पी.आर. रमेश और आशुतोष चतुर्वेदी तथा पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) की सदस्य (कानूनी) सुधा रानी रेलंगी को भी सूचना आयुक्त के रूप में चुना गया है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली समिति की इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल थे, जहां मुख्य सूचना आयुक्त और आठ सूचना आयुक्तों के नामों को मंजूरी दी गई।


