
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने केरल के वायनाड क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
प्रियंका गांधी ने मंत्री को मनंतवडी क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की कमी और स्वास्थ्य सुविधाओं की दयनीय स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र के लोगों, विशेष रूप से आदिवासी आबादी, को इलाज के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने वायनाड में स्वास्थ्य परियोजनाओं को शीघ्र गति देने और एक विशेष ट्रॉमा सेंटर की स्थापना की आवश्यकता पर भी जोर दिया। प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से वहां के निवासियों को राहत पहुंचाई जा सकती है।
माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय वायनाड की आवश्यकताओं पर गंभीरता से विचार कर सकता है।





