
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
नई दिल्ली: एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर चुनाव जीतने के लिए भाजपा कोई न कोई नई रणनीति अपनाती है और अब वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर फेरबदल की तैयारी की जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा, “8 करोड़ वोटरों के नाम और 1 से डेढ़ महीने में नई वोटर लिस्ट तैयार की जा रही है… यह सब चुनावी बेईमानी की बड़ी साजिश है। उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में पुलिस ने बंदूक के बल पर लोगों को वोट डालने से रोका था। मैं दावे के साथ कहता हूं कि मुरादाबाद की कुंदरकी सीट पर CCTV निकाल कर देखिए, आपको पुलिस वोट डालती नजर आएगी।”
उन्होंने आगे कहा, “अयोध्या में जब भाजपा को हार का सामना करना पड़ा तो मिल्कीपुर सीट को हराना उनके लिए जरूरी हो गया था। अब बिहार में जो नई वोटर लिस्ट तैयार हो रही है, उसका मतलब साफ है कि भाजपा ने वहां भी बेईमानी करने की पूरी तैयारी कर ली है।”
अखिलेश ने सवाल उठाया कि इतनी जल्दी और गुपचुप तरीके से वोटर लिस्ट क्यों बदली जा रही है, और क्या लोकतंत्र में जनता के वोट का अधिकार सुरक्षित रह पाएगा। उन्होंने इसे भाजपा की साजिश बताते हुए देशभर के विपक्षी दलों से सतर्क रहने की अपील की।





