
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश की विदेश नीति पूरी तरह विफल रही है, किसान की आय दोगुनी नहीं हो सकी है और युवाओं को रोजगार नहीं मिला है। उन्होंने कहा, “देश आज संकट में है और भारत चौतरफा घिरा हुआ है।”
अमेरिका से भारत के संबंधों पर उन्होंने कहा, “अमेरिका से रिश्ते तो आपको रखने ही पड़ेंगे क्योंकि ये पहले से हैं। अब ज़रूरत है कि इन रिश्तों को और मजबूत और बेहतर बनाया जाए, ताकि हमारे किसानों और व्यापारियों के हित सुरक्षित रहें।”
चीन को लेकर उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “अगर प्रधानमंत्री चीन जाएं तो हमारे मुख्यमंत्री जी को भी साथ ले जाएं, क्योंकि वह नाम बदलने में माहिर हैं – क्या पता चीन का भी नाम बदल दें।”
बीजेपी पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा, “हमारे लिए ‘G’ का मतलब गरीब है क्योंकि हम गरीबों के बच्चों को शिक्षित कर रहे हैं। लेकिन हो सकता है बीजेपी के लिए ‘G’ का मतलब गधा हो।”
अखिलेश यादव के इस बयान को राजनीतिक हलकों में तीखी टिप्पणी के तौर पर देखा जा रहा है।





