
दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद मंत्री नितिन नबीन दिल्ली पहुंच गए हैं। रविवार को भाजपा ने बड़ा फैसला लेते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके दिल्ली आगमन को लेकर पार्टी संगठन में उत्साह का माहौल है। नितिन नबीन भाजपा के केंद्रीय कार्यालय जाएंगे, जहां वे पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे। भाजपा मुख्यालय में उनके स्वागत की व्यापक तैयारियां चल रही हैं, जिनकी निगरानी स्वयं संगठन मंत्री बीएल संतोष कर रहे हैं।
दिल्ली रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता को धैर्य और निष्ठा के साथ पार्टी के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मूल भावना को ध्यान में रखकर काम करने से सभी को इसका लाभ मिलता है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी मेहनत और समर्पण के बल पर बड़े से बड़े पद तक पहुंच सकता है।
नितिन नबीन के साथ बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल भी दिल्ली पहुंचे हैं। दिलीप जायसवाल ने बताया कि दिल्ली में नितिन नबीन की औपचारिक ताजपोशी होनी है, इसी कारण वे भी उनके साथ जा रहे हैं। उन्होंने नितिन नबीन को पार्टी का युवा चेहरा बताते हुए कहा कि भाजपा के 45 वर्षों के इतिहास में 45 वर्ष के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन बिहार के लिए गर्व की बात है।
गौरतलब है कि नितिन नबीन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद पर मनोनयन के बाद दिल्ली में उनके भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। राजधानी में प्रवास के दौरान उनकी भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात संभावित है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी उनकी शिष्टाचार भेंट होने की संभावना जताई जा रही है। नितिन नबीन बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी भारत से भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने वाले पहले नेता हैं, जिसे पार्टी संगठन के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


