
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने शनिवार को भैरवनाथ मंदिर, मैडू में वंदन योजना के अंतर्गत चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। यह योजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके अंतर्गत प्रदेश के प्राचीन मंदिरों और धार्मिक स्थलों का समुचित विकास व सौंदर्यकरण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कार्यों में हो रही देरी और ठेकेदार की लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द से जल्द पूरे किए जाएं।
सावन माह में लगने वाले भव्य मेले को लेकर भी विधायक ने तैयारियों का जायजा लिया और नगर पंचायत मैडू के अधिशासी अधिकारी (EO) को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक आयोजन की गरिमा सर्वोपरि है।

इस अवसर पर कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे जिनमें एडीएम वसंतलाल, एसडीएम राज बहादुर, ईओ संदीप सक्सेना, अपनी निवर्तमान अध्यक्ष गौरव आर्य, प्रशांत शर्मा, मंडल अध्यक्ष योगेश कुमार, महामंत्री महेश चंद्र वर्मा, प्रमोद मदनावत, चंद्रशेखर रावल, राकेश वर्मा, नवाब कुरैशी, रमेश चंद्र कुशवाहा, धर्मेंद्र कुमार, डॉ. विनोद कुशवाहा, प्रमोद वर्मा, मोहित वर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विधायक ने अंत में कहा कि “प्रदेश के धार्मिक स्थलों का विकास हमारी सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”





