
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार गुरुवार के कारोबारी सत्र में लगातार तीसरे दिन मजबूती के साथ बंद हुआ। दिन के अंत में बीएसई सेंसेक्स 221.69 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,566.37 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 76.15 अंक या 0.30 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,418.90 के स्तर पर पहुंच गया।
बाजार में इस तेजी की प्रमुख वजह आर्थिक सर्वेक्षण में अर्थव्यवस्था की विकास दर को लेकर दिए गए सकारात्मक संकेत माने जा रहे हैं। बाजार को ऊपर ले जाने में मेटल और एनर्जी सेक्टर के शेयरों की अहम भूमिका रही। निफ्टी मेटल 3.07 प्रतिशत, निफ्टी एनर्जी 1.87 प्रतिशत, निफ्टी कमोडिटीज 1.58 प्रतिशत, निफ्टी प्राइवेट बैंक 1.03 प्रतिशत, निफ्टी इंफ्रा 0.85 प्रतिशत, निफ्टी पीएसई 0.82 प्रतिशत और निफ्टी ऑयल एंड गैस 0.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।
निवेशकों को हुआ 23 हजार करोड़ रुपये का फायदा
बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण बढ़कर 459.76 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले कारोबारी दिन 459.53 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह एक ही दिन में निवेशकों की संपत्ति में करीब 23,000 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
हालांकि, कुछ सेक्टर्स में गिरावट भी देखने को मिली। निफ्टी इंडिया डिफेंस 1.21 प्रतिशत, निफ्टी हेल्थकेयर 0.96 प्रतिशत, निफ्टी एफएमसीजी 0.91 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा 0.81 प्रतिशत, निफ्टी पीएसयू बैंक 0.79 प्रतिशत, निफ्टी आईटी 0.76 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो 0.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। लार्जकैप की तुलना में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 102.40 अंक या 0.18 प्रतिशत की तेजी के साथ 58,541 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 34.05 अंक या 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16,825 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में टाटा स्टील से लेकर एचडीएफसी बैंक तक चमके
सेंसेक्स के गेनर्स में टाटा स्टील, एलएंडटी, एक्सिस बैंक, इटरनल, एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, भारती एयरटेल, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक और बजाज फिनसर्व शामिल रहे। वहीं एशियन पेंट्स, इंडिगो, मारुति सुजुकी, बीईएल, एमएंडएम, टीसीएस, सन फार्मा, एचयूएल, ट्रेंट, टाइटन, आईटीसी और अल्ट्राटेक सीमेंट में गिरावट दर्ज की गई।
आर्थिक सर्वे से बढ़ा भरोसा, सोना-चांदी रिकॉर्ड ऊंचाई पर
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि आर्थिक सर्वेक्षण में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए मजबूत विकास अनुमान से घरेलू बाजारों को समर्थन मिला है। वहीं अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण सोने और चांदी की कीमतों में भी तेज उछाल देखने को मिला। वैश्विक अनिश्चितताओं के चलते एमसीएक्स पर सोना 1.70 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई है।






