
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। रविवार (7 सितंबर 2025) देर शाम कटघर थाना क्षेत्र के करूला इलाके में हिंदू समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष कमल सिंह चौहान की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल है और हिंदू समाज पार्टी ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, कमल सिंह चौहान अपनी स्कूटी से संजय नगर स्थित अपने घर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार गुंडों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने उनके सिर और सीने में गोलियां मारीं, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए। घायल कमल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिंदू समाज पार्टी ने इस हत्याकांड की कड़ी निंदा करते हुए चेतावनी दी है कि यदि हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में आंदोलन शुरू कर देगी। पार्टी नेताओं और समर्थकों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मुख्य आरोपी सनी उर्फ सोनू दिवाकर की तलाश में तीन टीमें गठित की हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कमल सिंह चौहान और सोनू दिवाकर के बीच पुरानी रंजिश थी, जो आपराधिक वर्चस्व को लेकर थी। मृतक की पत्नी और परिजनों ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और दावा किया है कि उन्हें पहले से धमकियां मिल रही थीं।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद मुरादाबाद में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।





