
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र कल, 11 अगस्त से प्रारंभ होने जा रहा है। इसी सिलसिले में आज विधान भवन में सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रमुख दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ उसके सहयोगी दल—निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल और अपना दल (एस)—के विधायक मौजूद रहे। वहीं, विपक्ष की ओर से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की, जो नेता सदन के रूप में उपस्थित रहे। विधानसभा अध्यक्ष भी बैठक में मौजूद थे। चर्चा का मुख्य उद्देश्य मानसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित करना रहा।
सरकार की ओर से यह आश्वासन दिया गया कि विपक्ष की सभी वैध और जनहित से जुड़ी मांगों को गंभीरता से सुना जाएगा। साथ ही, सरकार ने विपक्ष से अपील की कि वह बेवजह हंगामा करने से बचें और सदन के संचालन में रचनात्मक भूमिका निभाएं।
बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रयास किया गया कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए जनता के मुद्दों पर गंभीर चर्चा हो और सदन की गरिमा बनी रहे।





