
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज में उस समय सियासी हलचल तेज हो गई जब निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। यह धरना श्रृंगवेरपुर धाम स्थित जीटी रोड नेशनल हाईवे पर आयोजित किया गया, जिससे इलाके में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई।मंत्री संजय निषाद श्रृंगवेरपुर धाम किले के पास बनी एक मस्जिद को हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक पार्टी के झंडे लेकर मौजूद रहे, जिसके चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।धरने के दौरान संजय निषाद ने कहा कि राज्य सरकार ने श्रृंगवेरपुर धाम को पर्यटन सर्किट में शामिल किया है, जहां भगवान राम और निषादराज की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। इसके साथ ही क्षेत्र को विकसित करने के लिए एक आकर्षक पार्क भी बनाया गया है, लेकिन वहां की सफाई व्यवस्था और रखरखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले इस स्थल का संरक्षण और सौंदर्यीकरण बेहद जरूरी है। धरने के कारण प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और यातायात को सुचारु करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। यह घटना न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि प्रदेश की राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गई है, जिससे आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बयानबाजी और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।




