
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने नगर निगम लखनऊ सीमा क्षेत्र में नवनिर्मित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष बचे अवशेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल न केवल स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करने वाला स्थल बनेगा। उन्होंने घैला डंपिंग स्थल पर लिगसी वेस्ट की समस्या और उसके समाधान की प्रगति की भी जानकारी ली तथा अधिकारियों को इस दिशा में प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि लिगसी वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर स्वच्छ और स्वस्थ शहरी वातावरण का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है। इस परियोजना के माध्यम से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार सहित नगर निगम, विकास प्राधिकरण और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंत्री को परियोजना की वर्तमान स्थिति, प्रगति और आगे की कार्ययोजना से अवगत कराया।





