
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के अंतर्गत आने वाले वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशन एवं वाराणसी क्षेत्र के अन्य स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे , लखनऊ सुनील कुमार वर्मा द्वारा वाराणसी जं. स्टेशन पर एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी, बी.के. यादव तथा चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर, वाराणसी, सचिन वर्मा सहित मंडल के अन्य अधिकारियों ने सहभागिता की।
इस दौरान स्टेशन पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं के उन्नयन, प्लेटफॉर्म विस्तार, सर्कुलेटिंग एरिया के विकास, पार्किंग व्यवस्था, यात्री सूचना प्रणाली, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, सुगम आवागमन व्यवस्था तथा दिव्यांगजनों के लिए सुविधाओं के समुचित प्रावधान सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री रजनीश श्रीवास्तव एवं स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा वाराणसी क्षेत्र के स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। मंडल प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना एवं क्षेत्रीय रेल अवसंरचना को सुदृढ़ करना है।

