
-संवाद तंत्र को मजबूत करने और पदोन्नति नियमों के पालन का आश्वासन
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में रेल प्रशासन और कर्मचारियों के बीच संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों के कल्याण और मंडल के विकास को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रास्ट्रक्चर) अजय सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
एसोसिएशन की ओर से जोनल अध्यक्ष बच्चू लाल और मंडल महामंत्री प्रमोद कुमार ने कर्मचारियों की पदोन्नति, ड्यूटी रोस्टर, साप्ताहिक अवकाश तथा आरक्षण नियमों के पालन की मांग रखी।मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि एससी/एसटी कर्मचारियों के लिए पदोन्नति में आरक्षण संबंधी रोस्टर लागू हैं और उनका पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कर्मचारियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर उन्हें कार्रवाई से अवगत कराया जाए।बैठक में प्रशासन और एसोसिएशन ने सहमति जताई कि नियमित संवाद से समस्याओं का समाधान तेज होगा और कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ेगा।




