
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
मथुरा: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने यूको बैंक की सीनियर मैनेजर गरिमा सिंह चौहान और उनके निजी सहयोगी/दलाल आरिफ मोहम्मद को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एक फ्लोर मिल कारोबारी कृष्ण मुरारी शर्मा के 1 करोड़ रुपये के लोन स्वीकृति के मामले में हुई। लोन स्वीकृत करने के बदले में 4% यानी 4 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
सीबीआई ने छापेमारी के दौरान दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई अधिकारियों ने मैनेजर और दलाल के हाथों को विशेष रसायन (केमिकल) से धुलवाया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सीबीआई अपने साथ ले गई।





