
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। सम्भागीय परिवहन कार्यालय, वाराणसी परिसर स्थित सारथी भवन में परिवहन मेला – 2026 का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश शासन द्वारा वाणिज्यिक वाहनों (सकल वाहन भार 7500 किलोग्राम तक) हेतु लागू की गई नवीन एकमुश्त कर (One Time Tax – OTT) संरचना के संबंध में वाहन स्वामियों एवं संचालकों को जागरूक करना रहा।इस अवसर पर आयोजित सत्र की अध्यक्षता राघवेन्द्र सिंह, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), वाराणसी द्वारा की गई। उनके साथ श्री मनोज प्रसाद वर्मा, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) भी उपस्थित रहे। अन्य अधिकारियों में श्री सुधांशु रंजन, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) एवं श्री प्रमेन्द्र संतप्त, सम्भागीय निरीक्षक भी सम्मिलित रहे।
मेले के दौरान उपस्थित वाहन स्वामियों, परिवहन व्यवसायियों एवं आमजन को नवीन OTT कर प्रणाली के प्रावधानों, लाभों एवं अनुपालन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इस नई व्यवस्था से कर भुगतान प्रक्रिया सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक होगी, साथ ही विलंब के कारण लगने वाले दण्डात्मक कर भार से भी राहत मिलेगी। इस अवसर पर परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा परामर्श शिविर आयोजित कर प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें शासन की नवीन नीतियों के प्रति जागरूक किया गया। मेले में बड़ी संख्या में वाहन स्वामियों एवं परिवहन क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों ने भाग लेकर इस पहल की सराहना की। परिवहन मेला दिनांक 21 फरवरी, 2026 को भी प्रातः 11:00 बजे से सारथी भवन, सम्भागीय परिवहन कार्यालय, वाराणसी में आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक वाहन स्वामियों एवं आमजन से सहभागिता करने की अपील की गई है।





