
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: हाथरस से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हसायन कोतवाली क्षेत्र के लोधीपुर गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता पूनम का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका की शादी करीब चार साल पहले विष्णु नामक युवक से हुई थी, जो गांव में परचून की दुकान चलाता है।
पूनम के दो छोटे बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
जैसे ही घटना की जानकारी पूनम के मायके वालों को हुई, वे भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के भाई ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पूनम की हत्या की गई है और उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। बताया गया कि पूनम का अपने पति विष्णु से दो दिन पहले झगड़ा भी हुआ था।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





