
रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
“और इस दिल में क्या रखा है, तेरा ही दर्द छिपा रखा है…”
यह गाना शायद दिल का हाल बयां कर रहा था, लेकिन अब डॉक्टर साहब का दर्द सोशल मीडिया पर सबके सामने आ गया।
कानपुर देहात के रसूलाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के अधीक्षक डॉ. पीयूष त्रिपाठी का शराब की बोतल के साथ रील बनाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में डॉ. त्रिपाठी शराब की बोतल हाथ में लेकर भावुक गीत पर एक्टिंग करते नजर आए।
इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने डॉ. पीयूष त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से अधीक्षक पद से हटा दिया है।
सोशल मीडिया बना वजह, कार्रवाई हुई त्वरित
वीडियो वायरल होते ही लोगों में नाराजगी और आलोचना का दौर शुरू हो गया। एक सरकारी चिकित्सक द्वारा इस प्रकार की सार्वजनिक गतिविधि को अनुशासनहीनता माना गया और अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटाने का आदेश जारी कर दिया।
सरकारी सेवा में रहते हुए इस प्रकार का आचरण न केवल विभाग की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि जनविश्वास को भी कमजोर करता है। यह कार्रवाई एक स्पष्ट संदेश है कि सरकारी पदों पर आसीन लोगों से अनुशासन और गरिमा की अपेक्षा की जाती है, और यदि कोई उसकी अनदेखी करता है, तो कार्रवाई अवश्य होगी।





