
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
दिल्ली: लाल किला परिसर में एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई है। एक जैन धार्मिक आयोजन के दौरान लाल किला परिसर से लगभग एक करोड़ रुपए की कीमत का कलश चोरी हो गया। यह कलश 760 ग्राम सोने से बना है, जिसमें 150 ग्राम हीरे और पन्ना जड़े हुए थे। कारोबारी सुधीर जैन रोजाना पूजा के लिए इस कलश को लाल किला परिसर में लाते थे।
चोरी बुधवार को हुई, कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। पुलिस के अनुसार, स्वागत की अफरातफरी के बीच मंच से कलश गायब हो गया। दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की है कि सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध की गतिविधियां दर्ज हुई हैं। अधिकारियों ने जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना जताई है।
जैन समुदाय का यह धार्मिक आयोजन लाल किला परिसर में 15 अगस्त से चल रहा है और 9 सितंबर तक जारी रहेगा। यह पहली बार नहीं है, जब लाल किले में सुरक्षा चूक की खबर सामने आई है। इससे पहले, स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा अभ्यास के दौरान लगाए गए एक नकली बम का पता लगाने में विफल रहने के कारण कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल समेत दिल्ली पुलिस के 7 कर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।




