
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। रेलवे तथा यात्री सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज वाराणसी जं.रेलवे स्टेशन पर अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।यह प्रशिक्षण शिविर अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार यादव के मार्गदर्शन एवं स्टेशन निदेशक, वाराणसी, अर्पित गुप्ता एवं मंडल यांत्रिक अभियंता, दिवाकर वार्ष्णेय के निर्देशन में सम्पन्न हुआ प्रशिक्षण शिविर के दौरान उत्तर रेलवे से ओम प्रकाश तथा अजय कुमार गुप्ता द्वारा दमकल विभाग वाराणसी के हेड कांस्टेबल बबन यादव तथा कांस्टेबल से समन्वय स्थापित करते हुए रेलवे कर्मचारियों को आग लगने की संभावित परिस्थितियों, उनके कारणों तथा त्वरित नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के सही एवं सुरक्षित उपयोग की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। डेमो के माध्यम से घरेलू सिलेंडर में आग बुझाने की प्रक्रिया को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया गया।
प्रशिक्षण शिविर में रेलवे के विभिन्न विभागों तथा आई.आर.सी.टी.सी के द्वारा संचालन किए जा रहे जनआहार, फूडट्रैक, प्लेटफॉर्म 8/9 पर स्थित फास्ट फूड यूनिट, रिटायरिंग रूम, एक्जीक्यूटिव लाउंज तथा अंबुज एवं आर. के क्लस्टर किचेन के तकरीबन 100 कर्मचारी उपस्थित रहे। गौरतलब है कि इस से पहले 13/12/25 को ऐसा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था तथा उत्तर रेल द्वारा समय समय पर ऐसे प्रशिक्षण शिविर लगा कर अपने कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाता है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कर्मचारियों की दक्षता बढ़ती है तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होती है जिस से जान माल के नुकसान की संभावना कम होती है। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।



