
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। वाराणसी चन्दौली थाना अलीनगर पुलिस ने हाईवे पर सघन चेकिंग के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वध हेतु ले जाए जा रहे 9 गोवंशों को बरामद किया है। यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल के नेतृत्व में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम हाईवे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी एक सफेद पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। वाहन चालक ने रुकने के बजाय पुलिस टीम को कुचलने की नियत से गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए खुद को सुरक्षित किया, जिसके बाद पिकअप वाहन तेजी से चन्दौली की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया। पीछा करने के दौरान चालक झुमरी तलैया ढाबा से लगभग 100 मीटर आगे, ग्राम गंजख्वाजा के पास हाईवे किनारे वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिकअप वाहन संख्या UP70LT6501 की तलाशी ली, जिसमें 9 गोवंश क्रूरता पूर्वक बांधकर वध के लिए ले जाए जा रहे थे।
बरामदगी के आधार पर थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 212/2026 के तहत धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम, 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा 109 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।




