
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
बेगूसराय (बिहार): बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक महिला और उसकी बच्ची चलती मालगाड़ी के नीचे से निकलने की कोशिश कर रही थीं। अचानक ट्रेन चल पड़ी, लेकिन समझदारी और सतर्कता से उनकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों रेलवे ट्रैक पार करने के लिए मालगाड़ी के नीचे से गुजर रही थीं। उसी समय ट्रेन धीरे-धीरे चलने लगी। प्लेटफॉर्म पर तैनात आरपीएफ जवान ने तुरंत उन्हें मालगाड़ी के नीचे लेट जाने को कहा। दोनों ने फौरन ऐसा ही किया, जिससे ट्रेन उनके ऊपर से गुजर गई लेकिन उन्हें खरोंच तक नहीं आई।
यात्रियों में दहशत, प्रशासन ने ली राहत की सांस
घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। लोग सांस रोककर यह दृश्य देख रहे थे। लेकिन जैसे ही ट्रेन गुजर गई और महिला-बच्ची सुरक्षित बाहर निकलीं, वहां मौजूद सभी ने आरपीएफ जवान की सूझबूझ की सराहना की।
रेलवे प्रशासन ने भी राहत की सांस ली और यात्रियों से सुरक्षित तरीके से प्लेटफॉर्म पार करने की अपील की है।





