
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कोर्ट का नोटिस तामील कराने गए एक आरक्षक पर एक महिला से 1000 रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। इस घटना का वीडियो एक स्थानीय लड़के ने बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मझौली थाना क्षेत्र के वार्ड-06 में कोर्ट के आदेश का पालन कराने पहुंचे आरक्षक ने एक महिला से कथित तौर पर 1000 रुपये की मांग की। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरक्षक ने वीडियो बना रहे लड़के का मोबाइल छीनने की कोशिश की। इससे गुस्साई महिला ने चप्पल निकालकर आरक्षक को दौड़ा लिया। इस दौरान वह गालियां देती और चप्पल से पीटने की कोशिश करती नजर आई।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला आरक्षक को दौड़ाकर पीटने की कोशिश कर रही है, जबकि आरक्षक भागने की कोशिश करता दिख रहा है। इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है, और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।




