
- रिपोर्ट – अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। राजधानी के गाजीपुर थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। DCP पूर्वी शशांक सिंह के निर्देशन में, ADCP अमित कुमावत और ACP गाजीपुर अनिंद्य विक्रम सिंह के नेतृत्व में गाजीपुर थाना पुलिस ने वारदात को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर को महज़ 101 रुपये के विवाद को लेकर तीन लोगों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया, और आरोपियों ने युवक पर लगातार हमला किया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
गाजीपुर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मात्र 72 घंटों में मामले का खुलासा कर दिया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था।
DCP पूर्वी शशांक सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना का विस्तार से खुलासा किया और बताया कि फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


