
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव पर मौलाना साजिद रशीदी द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर महिला संगठनों में गुस्सा फूट पड़ा है। महिला सभा की ओर से लखनऊ के विभिन्न थानों में मौलाना के खिलाफ तहरीरें दी गई हैं, और कई जगहों पर मुकदमे दर्ज कराने की प्रक्रिया तेज़ हो गई है।
इस सिलसिले में विभूतिखंड थाने में पहला मुकदमा दर्ज हो चुका है, जबकि हजरतगंज और गोमती नगर थानों में भी तहरीरें दी जा चुकी हैं। महिला सभा की ओर से मौलाना के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

महिला सभा की सदस्यों का कहना है कि एक सांसद और महिला होने के नाते डिंपल यादव के खिलाफ की गई भाषा निंदनीय है और यह समाज में महिलाओं के सम्मान के खिलाफ एक गलत उदाहरण पेश करता है। इसी के तहत गोमती नगर थाने में भी महिला सभा के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर तहरीर सौंपी।
अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ क्या कदम उठाता है और इस मामले में क्या कार्रवाई होती है। महिला संगठनों का साफ कहना है कि अपमानजनक भाषा बोलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।





