
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: एक महिला ने पीजीआई पुलिस पर अभद्रता, मारपीट और कपड़े फाड़ने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने दोस्त से मिलने के लिए ऑटो से जा रही थी, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उसके साथ छेड़खानी की। घटना की सूचना देने के लिए महिला ने तुरंत डायल 112 पर कॉल किया। मौके पर एक दारोगा और दो महिला सिपाही पहुंचे, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने न केवल उसकी मदद करने के बजाय उसके साथ अभद्रता की, बल्कि गाली-गलौज भी किया।
महिला का कहना है कि पुलिस उसे जबरन पीजीआई थाने ले गई, जहां उसके साथ मारपीट की गई और उसके कपड़े फाड़ दिए गए। पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर से सीसीटीवी फुटेज की जांच करने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, और पीड़िता की शिकायत के बाद जांच की मांग तेज हो गई है।





