
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
शास्त्रीनगर कुंडरी रकाबगंज: शनिवार शाम शास्त्रीनगर चौराहे पर ऐशबाग जलकल की मुख्य पाइप लाइन टूट जाने के कारण क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। रविवार शाम तक भी मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो सका, जिससे आसपास के इलाकों में लगातार दूसरे दिन भी जलापूर्ति बाधित रही।
पानी की आपूर्ति बंद होने के चलते लोगों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में लोग पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। स्थानीय निवासियों ने पानी की टंकियों और हैंडपंप से पानी भरने के लिए लंबी कतारें लगाईं।
प्रभावित क्षेत्रों में कुंडरी रकाबगंज, शास्त्रीनगर, ऐशबाग और आसपास के मोहल्ले शामिल हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलकल विभाग की ओर से न तो समय पर कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई और न ही मरम्मत कार्य को प्राथमिकता दी गई।
जलकल विभाग ने कहा है कि मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और आवश्यकतानुसार पानी का उपयोग करें।





