
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने आज अपने सरकारी आवास, 7 कालिदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित एक समारोह में पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने पुनर्वास महानिदेशालय, रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित ‘बेकरी एवं कन्फेक्शनरी प्रशिक्षण कार्यक्रम’ में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। यह प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा आयोजित किया गया था।

उपमुख्यमंत्री ने सभी प्रशिक्षित जवानों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी आप सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने में उद्योग और स्वावलंबन के माध्यम से राष्ट्र सेवा में अपना प्रेरणादायी योगदान देंगे।”
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्व सैनिकों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें नए रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। समारोह में उपस्थित जवानों ने इस पहल की सराहना की और इसे अपने भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।





