
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उन दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर एक सेवानिवृत्त वैज्ञानिक को डिजिटल रूप से “अरेस्ट” कर करीब 1.29 करोड़ रुपये की ठगी की थी। यह गिरोह साइबर ठगी के जरिए लोगों को डराकर उनसे मोटी रकम वसूल करता था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार सिंह और महफूज के रूप में हुई है। प्रदीप कुमार सिंह मूल रूप से थाना बीकापुर, जनपद अयोध्या का निवासी है और वर्तमान में वृंदावन योजना, थाना पीजीआई, लखनऊ में रह रहा था। वहीं महफूज का निवास थाना वजीरगंज, जनपद लखनऊ क्षेत्र में है।
STF ने इन दोनों को इकाना स्टेडियम के पास शहीद पथ रोड, थाना गोमती नगर विस्तार क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान टीम ने आरोपियों के पास से कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं, जो ठगी की साजिश में इस्तेमाल किए गए थे।
STF अधिकारियों के अनुसार, ये आरोपी खुद को सीबीआई या अन्य जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर पहले शिकार को डराते थे और फिर उन्हें डिजिटल माध्यम से गिरफ्तार करने की धमकी देते हुए पैसे ट्रांसफर करवाते थे।
फिलहाल, STF गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और ठगी से जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।





