
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में दीपावली के नजदीक आते ही अवैध पटाखा फैक्ट्रियों और गोदामों में विस्फोट की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्णा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने पूरे प्रदेश में अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं।
डीजीपी ने सभी जिला पुलिस प्रमुखों को सतर्कता बरतने और अवैध पटाखा फैक्ट्रियों व गोदामों पर नकेल कसने के लिए तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया है। इस अभियान के तहत संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी, नियमित जांच और लाइसेंस की सख्ती से जांच करने पर जोर दिया गया है। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
यह कदम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और त्योहार को सुरक्षित व शांतिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अवैध पटाखों की खरीद-बिक्री से बचें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



